Shimla में घूमने की 10 सबसे खूबसूरत जगहें (2026) – Complete Travel Guide
अगर आप ऐसी जगह की तलाश में हैं जहाँ पहाड़ों की ठंडी हवा, देवदार के घने जंगल और सुकून भरा माहौल एक साथ मिले, तो शिमला आपके लिए बेहतरीन जगह है। "Queen of Hills" के नाम से मशहूर यह खूबसूरत हिल स्टेशन हर साल लाखों पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है। सुबह की ताज़ी हवा, ब्रिटिश दौर की ऐतिहासिक इमारतें, मॉल रोड की रौनक और आसपास दिखने वाली हिमालय की चोटियाँ यहाँ के हर पल को खास बना देती हैं।
अगर आप 2026 में शिमला घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो यह गाइड आपकी यात्रा की योजना बनाने में मदद करेगी। इसमें हमने शिमला की 10 सबसे खूबसूरत जगहों के बारे में आसान भाषा में जानकारी दी है। चाहे आप मॉल रोड पर शाम बिताना चाहते हों, कुफरी में बर्फ का आनंद लेना हो या जाखू मंदिर से हिमालय के मनमोहक नज़ारे देखना चाहते हों, इस गाइड में आपको हर जगह से जुड़ी जरूरी जानकारी मिलेगी। साथ ही, घूमने का सही समय, अनुमानित बजट और कुछ काम की ट्रैवल टिप्स भी दी गई हैं, ताकि आपकी शिमला यात्रा यादगार और बिना किसी परेशानी के पूरी हो सके।
अगर आपको शिमला की शांत पहाड़ियाँ और खूबसूरत नज़ारे पसंद आए हैं, तो उत्तराखंड का कौसानी भी आपकी अगली यात्रा के लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। हिमालय की बर्फ से ढकी चोटियों के शानदार दृश्य, शांत वातावरण और प्राकृतिक सुंदरता का अनुभव लेने के लिए हमारा "कौसानी में घूमने की 10 सबसे खूबसूरत जगहें" गाइड जरूर पढ़ें।
शिमला क्यों खास है
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला भारत के सबसे लोकप्रिय और खूबसूरत हिल स्टेशनों में से एक है। समुद्र तल से लगभग 2,200 मीटर की ऊँचाई पर बसा यह शहर अंग्रेजों के समय भारत की ग्रीष्मकालीन राजधानी हुआ करता था। इसलिए आज भी यहाँ की कई ऐतिहासिक इमारतों, चर्चों और सड़कों में ब्रिटिश वास्तुकला की झलक साफ दिखाई देती है। यही इतिहास और प्राकृतिक सुंदरता का अनोखा मेल शिमला को दूसरे हिल स्टेशनों से अलग पहचान देता है।
शिमला की सबसे अच्छी बात यह है कि यहाँ हर उम्र और हर तरह के यात्री के लिए कुछ न कुछ देखने और करने को मिल जाता है। परिवार के साथ छुट्टियाँ बितानी हों, दोस्तों के साथ रोड ट्रिप का मज़ा लेना हो या हनीमून की यादगार शुरुआत करनी हो, यह शहर हर किसी को अपना बना लेता है। जाखू मंदिर की धार्मिक शांति, कुफरी की एडवेंचर एक्टिविटीज़ और कालका-शिमला टॉय ट्रेन की रोमांचक यात्रा यहाँ आने वाले हर पर्यटक की यादों का हिस्सा बन जाती है।
Shimla में कहाँ घूमें 10 Best Places to Visit in Shimla
1. रिज ऑफ़ शिमला - Ridge of Shimla
रिज शिमला की पहचान मानी जाती है। यह एक खुला और विशाल मैदान है, जहाँ से आसपास की पहाड़ियों और हिमालय की बर्फ से ढकी चोटियों का शानदार नज़ारा दिखाई देता है। शिमला के अधिकांश सरकारी समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मेले और त्योहार इसी जगह आयोजित किए जाते हैं, इसलिए यहाँ सालभर रौनक बनी रहती है। शाम के समय रिज पर टहलने का अपना अलग ही आनंद है। इसके बिल्कुल पास स्थित मॉल रोड पर आप स्थानीय कैफ़े, रेस्टोरेंट और दुकानों का आनंद ले सकते हैं। अगर पहली बार शिमला जा रहे हैं, तो रिज से अपनी यात्रा की शुरुआत करना एक अच्छा विकल्प रहेगा।
2. मॉल रोड -Mall Road Shimla
मॉल रोड शिमला का सबसे मशहूर और चहल-पहल वाला इलाका है। अगर आप पहली बार शिमला घूमने आए हैं, तो बिना मॉल रोड जाए आपकी यात्रा अधूरी मानी जाती है। यहाँ एक तरफ़ छोटे-छोटे कैफ़े और रेस्टोरेंट हैं, तो दूसरी ओर स्थानीय दुकानों पर हिमाचली शॉल, ऊनी कपड़े, हस्तशिल्प की वस्तुएँ और यादगार स्मृति-चिह्न आसानी से मिल जाते हैं।
शाम होते ही मॉल रोड की रौनक और भी बढ़ जाती है। ठंडी पहाड़ी हवा में टहलते हुए दूर दिखाई देने वाले पहाड़, सड़क किनारे बैठकर चाय या कॉफी का आनंद लेना और आसपास का खुशनुमा माहौल इस जगह को खास बना देता है। अगर आपको शॉपिंग, स्थानीय खान-पान और पहाड़ी शहर की असली रौनक एक साथ देखनी है, तो मॉल रोड जरूर जाएँ। यहाँ की अधिकांश दुकानें सामान्यतः सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक खुली रहती हैं, हालांकि मौसम और स्थानीय छुट्टियों के अनुसार समय में थोड़ा बदलाव हो सकता है।
एडवेंचर और कैफ़े कल्चर पसंद है? तो शिमला के बाद कसोल भी जरूर घूमिए। ट्रिप प्लान करने से पहले हमारा "Kasol Travel Guide in Hindi" पढ़ना न भूलें।
3. जाखू मंदिर-Jakhu Temple Shimla
जाखू हिल शिमला की सबसे ऊँची पहाड़ी है और यहाँ स्थित जाखू हनुमान मंदिर शहर के सबसे प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों में गिना जाता है। समुद्र तल से लगभग 2,455 मीटर की ऊँचाई पर बसे इस स्थान तक पहुँचते ही ठंडी पहाड़ी हवा और चारों ओर फैले देवदार के जंगल मन को सुकून देते हैं। मंदिर परिसर से पूरे शिमला शहर और दूर-दूर तक फैली हिमालय की पहाड़ियों का शानदार दृश्य देखने को मिलता है।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, रामायण काल में जब भगवान हनुमान संजीवनी बूटी लाने हिमालय की ओर जा रहे थे, तब वे कुछ समय के लिए इसी पहाड़ी पर रुके थे। कहा जाता है कि यहाँ तपस्या कर रहे यक्ष ऋषि ने उन्हें संजीवनी बूटी का मार्ग बताया था। इसी कारण जाखू मंदिर श्रद्धालुओं के बीच गहरी आस्था का केंद्र माना जाता है। यहाँ आने वाले अनेक भक्तों का विश्वास है कि सच्चे मन से की गई प्रार्थना भगवान हनुमान तक अवश्य पहुँचती है।
मंदिर परिसर में स्थापित लगभग 108 फीट ऊँची भगवान हनुमान की भव्य प्रतिमा दूर से ही दिखाई देने लगती है और शिमला की पहचान बन चुकी है। चाहे आप धार्मिक यात्रा पर हों या सिर्फ शिमला के खूबसूरत नज़ारों का आनंद लेना चाहते हों, जाखू हिल ऐसी जगह है जहाँ कुछ समय बिताना आपकी यात्रा को और भी यादगार बना सकता है।
4. क्राइस्ट चर्च-Christ Church Shimla
क्राइस्ट चर्च शिमला की उन ऐतिहासिक इमारतों में से एक है, जिसे देखे बिना अधिकांश पर्यटक अपनी यात्रा पूरी नहीं मानते। मॉल रोड और द रिज के पास स्थित यह चर्च अपनी गोथिक शैली की वास्तुकला और शांत वातावरण के लिए प्रसिद्ध है। वर्ष 1857 में एंग्लिकन ईसाई समुदाय के लिए अंग्रेजों द्वारा बनवाया गया यह चर्च उत्तर भारत के सबसे पुराने चर्चों में शामिल है। उस समय शिमला को सिमला (Simla) के नाम से जाना जाता था।
चर्च के भीतर लगी रंगीन स्टेन्ड ग्लास (Stained Glass) की पाँच खिड़कियाँ ईसाई धर्म के पाँच प्रमुख मूल्यों विश्वास, आशा, धैर्य, विनम्रता और परोपकार का प्रतीक मानी जाती हैं। शाम ढलने के बाद जब चर्च रोशनी से जगमगा उठता है, तो इसका नज़ारा और भी आकर्षक हो जाता है। मॉल रोड पर घूमते हुए लोग अक्सर यहाँ कुछ देर रुककर इसकी वास्तुकला को निहारते हैं और यादगार तस्वीरें भी खिंचवाते हैं। अगर आपको इतिहास, वास्तुकला और शांत माहौल पसंद है, तो क्राइस्ट चर्च आपकी शिमला यात्रा का एक यादगार पड़ाव बन सकता है।
अगर आपका अगला प्लान उत्तराखंड की आध्यात्मिक यात्रा का है, तो चारधाम यात्रा से जुड़ी पूरी जानकारी हमारे विस्तृत गाइड में मिलेगी।
5. कुफरी-Kufri
अगर शिमला की सबसे खूबसूरत जगहों की बात हो और कुफरी का नाम न आए, तो सूची अधूरी लगती है। बचपन से ही कुफरी का नाम सुनते ही बर्फ से ढके पहाड़, ठंडी हवा और सर्दियों का खूबसूरत नज़ारा मन में उभर आता है। शिमला से लगभग 17 किलोमीटर दूर स्थित यह छोटा-सा हिल स्टेशन अपनी प्राकृतिक सुंदरता, बर्फबारी और एडवेंचर एक्टिविटीज़ के लिए पूरे देश में मशहूर है।
चारों ओर फैले देवदार के जंगल, ऊँचे-ऊँचे पहाड़ और साफ़ मौसम कुफरी की खूबसूरती को और भी बढ़ा देते हैं। यहाँ आप घुड़सवारी, ट्रेकिंग, याक की सवारी और आसपास की पहाड़ियों में घूमने का आनंद ले सकते हैं। सर्दियों में जब पूरा इलाका बर्फ की सफेद चादर से ढक जाता है, तो यहाँ का नज़ारा किसी पोस्टकार्ड जैसा दिखाई देता है। यही वजह है कि बर्फबारी का आनंद लेने वाले पर्यटकों, परिवारों और हनीमून पर आने वाले कपल्स की पसंदीदा जगहों में कुफरी हमेशा शामिल रहती है।
6. टॉय ट्रेन-Toy Train Shimla
शिमला जाने का सबसे खूबसूरत तरीका अगर कोई है, तो वह कालका-शिमला टॉय ट्रेन का सफर है। जैसे ही ट्रेन धीरे-धीरे पहाड़ों की ओर बढ़ती है, खिड़की के बाहर बदलते नज़ारे मन मोह लेते हैं। कहीं घने देवदार के जंगल दिखाई देते हैं, तो कहीं गहरी घाटियाँ और छोटे-छोटे पहाड़ी गाँव। इसी अनोखी खूबसूरती और ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए साल 2008 में यूनेस्को ने कालका-शिमला रेलवे को विश्व धरोहर (UNESCO World Heritage Site) का दर्जा दिया।
लगभग 96 किलोमीटर लंबे इस रेल मार्ग पर सफर करते हुए 102 सुरंगें, 900 से अधिक पुल और 900 से ज्यादा मोड़ पार करने का रोमांच मिलता है। इनमें बड़ोग सुरंग सबसे लंबी है, जिसकी लंबाई लगभग 1,143 मीटर है। कालका से शिमला के बीच कुल 18 रेलवे स्टेशन आते हैं और टॉय ट्रेन लगभग 20–25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती है। इसकी यही धीमी रफ्तार इस यात्रा को खास बनाती है, क्योंकि हर मोड़ पर हिमालय की खूबसूरती को आराम से देखने और कैमरे में कैद करने का भरपूर मौका मिलता है। अगर आप शिमला घूमने जा रहे हैं, तो कोशिश करें कि इस टॉय ट्रेन का अनुभव अपनी यात्रा में जरूर शामिल करें।
7. तत्तापानी-Tattapani Shimla
अगर आप शिमला की भीड़-भाड़ से दूर कुछ समय प्रकृति के बीच बिताना चाहते हैं, तो तत्तापानी एक शानदार विकल्प है। शिमला से लगभग 56 किलोमीटर दूर सतलुज नदी के किनारे बसा यह छोटा-सा पर्यटन स्थल अपने प्राकृतिक गर्म पानी के झरनों और रोमांचक रिवर राफ्टिंग के लिए जाना जाता है। शांत वातावरण और चारों ओर फैले पहाड़ इस जगह की खूबसूरती में चार चाँद लगा देते हैं।
तत्तापानी आने वाले अधिकांश पर्यटक यहाँ रिवर राफ्टिंग का रोमांच जरूर अनुभव करते हैं। सतलुज नदी की तेज़ धाराओं के बीच राफ्टिंग करना अपने आप में एक यादगार अनुभव होता है। अगर एडवेंचर के साथ-साथ सुकून भरा माहौल भी पसंद है, तो यह जगह आपको जरूर पसंद आएगी। रिवर राफ्टिंग का समय सामान्यतः सुबह 7:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक रहता है, लेकिन मौसम और नदी के जलस्तर के अनुसार इसमें बदलाव हो सकता है। इसलिए यात्रा से पहले स्थानीय जानकारी जरूर ले लें।
अगर आपको शिमला जैसे हिल स्टेशन पसंद हैं, तो राजस्थान का एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू भी जरूर घूमिए। पूरी जानकारी के लिए हमारा "माउंट आबू में 7 प्रमुख पर्यटक स्थल" गाइड पढ़ें।
8. जोहन्नी वैक्स म्यूजियम-Johnnie Wax Museum Shimla
शिमला का वैक्स म्यूज़ियम उन जगहों में से एक है, जहाँ बच्चे हों या बड़े, हर कोई उत्साह के साथ घूमना पसंद करता है। यहाँ मोम (Wax) से बनी कई प्रसिद्ध भारतीय और अंतरराष्ट्रीय हस्तियों के साथ-साथ कुछ लोकप्रिय काल्पनिक किरदारों की प्रतिमाएँ भी प्रदर्शित की गई हैं। इन प्रतिमाओं को इतनी बारीकी से बनाया गया है कि कई बार पहली नज़र में वे वास्तविक जैसी दिखाई देती हैं।
म्यूज़ियम में आप महात्मा गांधी, स्टीव जॉब्स, माइकल जैक्सन, सलमान खान और जेम्स बॉन्ड जैसे प्रसिद्ध व्यक्तित्वों एवं किरदारों की वैक्स प्रतिमाएँ देख सकते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि यहाँ आने वाले पर्यटक अपनी पसंदीदा प्रतिमा के साथ तस्वीरें भी खिंचवा सकते हैं। अगर आप परिवार या दोस्तों के साथ शिमला घूमने आए हैं, तो यह जगह आपकी यात्रा में थोड़ा मनोरंजन और ढेर सारी यादें जोड़ सकती है।
9. चाडविक फॉल्स-Chadwick Falls Shimla
अगर आपको झरनों के बीच समय बिताना पसंद है, तो शिमला का चाडविक फॉल आपकी पसंदीदा जगहों में शामिल हो सकता है। समर हिल से लगभग 7 किलोमीटर दूर स्थित यह खूबसूरत झरना घने देवदार और चीड़ के जंगलों के बीच छिपा हुआ है। करीब 86 मीटर की ऊँचाई से गिरता पानी और आसपास फैली हरियाली इस जगह को बेहद शांत और आकर्षक बना देती है।
बारिश के मौसम में चाडविक फॉल अपने सबसे खूबसूरत रूप में दिखाई देता है। पानी का तेज़ बहाव, जंगलों की ठंडी हवा और पक्षियों की आवाज़ें यहाँ के माहौल को और भी सुकूनभरा बना देती हैं। अगर आप शिमला की भीड़ से कुछ समय दूर रहकर प्रकृति के करीब जाना चाहते हैं या फोटोग्राफी का शौक रखते हैं, तो चाडविक फॉल आपकी यात्रा का एक यादगार पड़ाव साबित हो सकता है।
10. अर्की किला-Arki Fort Shimla
अरकी फोर्ट शिमला के आसपास स्थित एक ऐतिहासिक किला है, जिसका निर्माण 1660 ईस्वी में हुआ था। कई सदियाँ बीत जाने के बाद भी यह किला अपनी भव्य वास्तुकला और ऐतिहासिक महत्व के कारण लोगों को आकर्षित करता है। किले के अंदर बनी लगभग 200 वर्ष पुरानी भित्ति चित्र (Wall Paintings) आज भी अपनी बारीक कलाकारी और सुंदर रंगों के लिए प्रसिद्ध हैं।
अरकी फोर्ट की सबसे बड़ी खासियत यहाँ दिखाई देने वाली कांगड़ा शैली की चित्रकला है, जिसे भारतीय कला की अमूल्य धरोहर माना जाता है। किले में घूमते हुए ऐसा महसूस होता है जैसे इतिहास के किसी पुराने दौर में पहुँच गए हों। अगर आपको ऐतिहासिक किले, प्राचीन चित्रकला और विरासत से जुड़ी जगहें पसंद हैं, तो शिमला की यात्रा के दौरान अरकी फोर्ट को अपनी सूची में जरूर शामिल करें।
अगर आप बारिश के मौसम में यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो "अगस्त में भारत की घूमने लायक सबसे खूबसूरत जगहें" वाली हमारी सूची भी जरूर देखें। इसमें कई शानदार मानसून डेस्टिनेशन शामिल हैं।
शिमला घूमने का सही समय – Best Time to Visit Shimla
शिमला उन हिल स्टेशनों में से एक है, जहाँ हर मौसम अपनी अलग खूबसूरती लेकर आता है। इसलिए यहाँ घूमने का सबसे अच्छा समय इस बात पर निर्भर करता है कि आप हरियाली देखना चाहते हैं, ठंड का मज़ा लेना चाहते हैं या बर्फबारी का अनुभव करना चाहते हैं।
अगर आपको बारिश के बाद पहाड़ों पर छाई हरियाली, बादलों से ढकी वादियाँ और शांत माहौल पसंद है, तो जुलाई से सितंबर के बीच शिमला घूमने का प्लान बना सकते हैं। इस मौसम में चारों ओर फैली हरियाली और ताज़ी पहाड़ी हवा सफर को और भी यादगार बना देती है। फोटोग्राफी और प्रकृति प्रेमियों के लिए यह समय किसी सौगात से कम नहीं होता।
अगर आप गर्मियों की तपती धूप से राहत पाना चाहते हैं, तो मार्च से जून का समय सबसे बेहतर माना जाता है। इस दौरान मौसम सुहावना रहता है और दिन का तापमान सामान्यतः 20°C के आसपास रहता है। ऐसे मौसम में मॉल रोड, कुफरी, जाखू मंदिर और दूसरे दर्शनीय स्थलों की सैर करना काफी आरामदायक रहता है।
अगर आपका मन बर्फबारी देखने का है, तो नवंबर से फरवरी के बीच शिमला जरूर जाएँ। सर्दियों में बर्फ से ढकी सड़कें, देवदार के पेड़ और सफेद चादर ओढ़े पहाड़ पूरे शहर को किसी फिल्मी दृश्य जैसा बना देते हैं। यही समय स्नोफॉल का आनंद लेने, विंटर फोटोग्राफी करने और शिमला की असली सर्दियों का अनुभव करने के लिए सबसे खास माना जाता है।
शिमला कैसे जाए-How to Reach Shimla
शिमला पहुँचना आज पहले से कहीं ज़्यादा आसान हो गया है। चाहे आप फ्लाइट से सफर करना पसंद करते हों, ट्रेन का आनंद लेना चाहते हों, वॉल्वो बस से आरामदायक यात्रा करना चाहते हों या अपनी कार से रोड ट्रिप का मज़ा लेना चाहते हों, हर विकल्प आसानी से उपलब्ध है। दिल्ली से शिमला की दूरी लगभग 350 किलोमीटर है, जिसे सड़क मार्ग से 7–9 घंटे में तय किया जा सकता है।
अगर आप हवाई यात्रा करना चाहते हैं, तो दिल्ली और चंडीगढ़ से शिमला के लिए उड़ानें मिल जाती हैं। ट्रेन से आने वाले यात्री पहले कालका रेलवे स्टेशन पहुँच सकते हैं। इसके बाद कालका-शिमला टॉय ट्रेन से सफर करना अपने आप में एक अलग अनुभव है, क्योंकि रास्ते में सुरंगें, पुल और हिमालय के खूबसूरत नज़ारे इस यात्रा को यादगार बना देते हैं।
अगर आप सड़क मार्ग से आना चाहते हैं, तो दिल्ली और चंडीगढ़ से नियमित वॉल्वो और हिमाचल रोडवेज की बसें उपलब्ध रहती हैं। वहीं अपनी कार से आने वालों के लिए यह सफर किसी रोड ट्रिप से कम नहीं है। घुमावदार पहाड़ी सड़कें, देवदार के जंगल और रास्ते में दिखने वाले खूबसूरत नज़ारे मंज़िल तक पहुँचने से पहले ही यात्रा का आनंद बढ़ा देते हैं।
शिमला का 3 दिन का यात्रा प्लान
अगर आपके पास शिमला घूमने के लिए सिर्फ 3 दिन हैं, तो चिंता की कोई बात नहीं। सही प्लानिंग के साथ आप इस खूबसूरत हिल स्टेशन की प्रमुख जगहों के साथ आसपास के कुछ शानदार पर्यटन स्थलों का भी आराम से आनंद ले सकते हैं।
पहला दिन – मॉल रोड, रिज और जाखू मंदिर
पहले दिन होटल में चेक-इन करने के बाद द रिज से अपनी यात्रा की शुरुआत करें। यहाँ से हिमालय की बर्फीली चोटियों का शानदार नज़ारा देखने को मिलता है। इसके बाद पास में स्थित क्राइस्ट चर्च घूमिए और फिर मॉल रोड पर घूमते हुए स्वादिष्ट भोजन और शॉपिंग का आनंद लें। शाम के समय जाखू मंदिर जाएँ, जहाँ से सूर्यास्त का खूबसूरत दृश्य आपकी यात्रा को और भी यादगार बना देगा।
दूसरा दिन – कुफरी की सैर
दूसरे दिन सुबह कुफरी के लिए निकलें। यहाँ घुड़सवारी, याक राइड और अन्य एडवेंचर एक्टिविटीज़ का मज़ा लें। इसके बाद हिमालयन नेचर पार्क घूम सकते हैं। लौटते समय ग्रीन वैली पर कुछ समय रुककर फोटोग्राफी करें। अगर समय मिले, तो जॉननी वैक्स म्यूज़ियम भी देखना अच्छा रहेगा।
तीसरा दिन – टॉय ट्रेन या तत्तापानी
यात्रा के आखिरी दिन अपनी पसंद के अनुसार कालका-शिमला टॉय ट्रेन का यादगार सफर करें या तत्तापानी जाकर रिवर राफ्टिंग और प्राकृतिक गर्म पानी के झरनों का अनुभव लें। लौटते समय स्थानीय बाजार से कुछ यादगार सामान खरीदें और खूबसूरत यादों के साथ अपनी शिमला यात्रा का समापन करें।
शिमला घूमने का अनुमानित बजट
शिमला घूमने का बजट इस बात पर निर्भर करता है कि आप कहाँ ठहरते हैं, कैसे सफर करते हैं और किन-किन जगहों को अपनी यात्रा में शामिल करते हैं। अगर आप दिल्ली से 2 रात और 3 दिन की यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो एक व्यक्ति का औसत खर्च ₹6,000 से ₹12,000 के बीच हो सकता है।
अगर आप बजट होटल, लोकल ट्रांसपोर्ट और सामान्य रेस्टोरेंट चुनते हैं, तो कम खर्च में भी शिमला की अच्छी यात्रा की जा सकती है। वहीं, लक्ज़री होटल, प्राइवेट कैब और प्रीमियम गतिविधियाँ चुनने पर आपका बजट ₹15,000 या उससे अधिक भी हो सकता है।
शिमला के स्थानीय खाने की प्रसिद्ध चीजें
शिमला की यात्रा सिर्फ खूबसूरत वादियों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यहाँ का पारंपरिक हिमाचली खाना भी पर्यटकों को खूब पसंद आता है। अगर आप शिमला घूमने जाएँ, तो इन स्थानीय व्यंजनों का स्वाद जरूर लें।
- सिड्डू – गेहूं के आटे से बना हिमाचल का पारंपरिक व्यंजन, जिसे घी और दाल के साथ परोसा जाता है।
- मद्रा – दही और मसालों से तैयार होने वाली हिमाचली डिश, जिसका स्वाद काफी अलग होता है।
- हिमाचली धाम – चावल, दाल, राजमा और कई पारंपरिक व्यंजनों से बना स्थानीय भोज।
- बबरू – चने की दाल की स्टफिंग वाली हिमाचली कचौड़ी, जो चाय के साथ बेहद स्वादिष्ट लगती है।
अगर आपको स्ट्रीट फूड पसंद है, तो मॉल रोड पर मिलने वाली गर्मागर्म मैगी, मोमोज, बन-समोसा और पहाड़ी चाय का स्वाद लेना बिल्कुल न भूलें। खासकर ठंड के मौसम में इनका मज़ा कई गुना बढ़ जाता है।
अगर आप पहाड़ों के बीच ट्रेकिंग और प्राकृतिक सुंदरता का असली अनुभव लेना चाहते हैं, तो चोपता आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकता है। यात्रा की पूरी जानकारी के लिए हमारा "चोपता में घूमने की प्रमुख जगहें" लेख भी देखें।
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQs)
1. शिमला घूमने का सबसे अच्छा समय कौन-सा है
शिमला घूमने के लिए मार्च से जून का समय सबसे अच्छा माना जाता है। अगर आप बर्फबारी का आनंद लेना चाहते हैं, तो नवंबर से फरवरी के बीच यात्रा की योजना बनाएँ।
2. शिमला घूमने के लिए कितने दिन पर्याप्त हैं
शिमला की प्रमुख जगहें घूमने के लिए 2 से 3 दिन पर्याप्त हैं। अगर आप कुफरी, तत्तापानी और आसपास के अन्य पर्यटन स्थलों पर भी जाना चाहते हैं, तो 4 से 5 दिन का समय बेहतर रहेगा।
3. दिल्ली से शिमला कैसे पहुँचा जा सकता है
दिल्ली से शिमला फ्लाइट, ट्रेन, वॉल्वो बस और निजी कार से आसानी से पहुँचा जा सकता है। ट्रेन से आने वाले यात्री पहले कालका पहुँचते हैं और वहाँ से प्रसिद्ध कालका-शिमला टॉय ट्रेन का सफर कर सकते हैं।
4. शिमला घूमने में कितना खर्च आता है
दिल्ली से 2 रात और 3 दिन की यात्रा के लिए एक व्यक्ति का औसत बजट ₹7,000 से ₹15,000 के बीच हो सकता है। यह आपके होटल, परिवहन और घूमने की योजना पर निर्भर करता है।
5. शिमला में बर्फबारी कब होती है
आमतौर पर शिमला में दिसंबर के अंत से फरवरी तक बर्फबारी देखने को मिलती है। हालांकि, मौसम के अनुसार इसमें थोड़ा बदलाव हो सकता है।
6. शिमला में कौन-कौन सी जगहें जरूर देखनी चाहिए
शिमला में द रिज, मॉल रोड, जाखू मंदिर, कुफरी, क्राइस्ट चर्च, कालका-शिमला टॉय ट्रेन, चाडविक फॉल, तत्तापानी और वैक्स म्यूज़ियम जैसी जगहें सबसे लोकप्रिय हैं।
7. क्या शिमला परिवार और हनीमून ट्रिप के लिए अच्छा है
हाँ, शिमला परिवार, दोस्तों और हनीमून मनाने वाले कपल्स के लिए एक शानदार हिल स्टेशन है। यहाँ प्राकृतिक सुंदरता, एडवेंचर और शांत माहौल का बेहतरीन अनुभव मिलता है।










टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
Please do not enter any spam link in the comment box.